Monday 28 April 2014

बदलते पैमाने

रौंद कर सब शब्द 
उससे गुजर गए,
कुछ दिल को भेद
कुछः ऊपर से निकल गए। 
अलग-अलग करना 
अब मुश्किल है, 
जिंदगी जहर बन गया 
नहीं तो जहर जिंदगी मे घुल गये। 
लानत और जिल्लत के बीच
वो खुद को ढूढ़ रहा था,
जलालत की सब बातें जब से
इंसानी सरोकारों में मिल गए।
सबने चिंता दिखाया 
कल के लिये सब बैचेन दिखे,
कुछ को देश निकाला मिला तो 
कुछ को समुन्दर मे डुबों दिये।
बदलेगा क्या 
ये तो वक्त बताएगा, 
किन्तु सब भाव अब 
वोट के कीमत मे सिमट  गये। 
जो जरिया है और   
तरक्की का पैमाना है बना,  
उस लोकतंत्र में चुनाव ने  
सारे पैमाने बदल दिये। ।    

Thursday 24 April 2014

अंतहीन समर

न जाने कितनी आँखे
रौशनी की कर चकाचौंध
ढूंढती है उन अवशेषों में
अतीत के झरोंखे की निशां। 
गले हुए कंकालो के
हड्डियों की गिनतियाँ
बतलाती है उन्हें 
बलिष्ठ काया की गाथा।
और नहीं तो कुछ 
सच्चाई से मुँह मोड़ना भी तो 
कुछ पल के लिए श्रेस्कर है 
स्वप्न से  क्षुधाकाल बीते यदि 
विचरण उसमे भी ध्येयकर है। 
किन्तु होता नहीं उनके लिए 
जो अपने गोश्त को जलाकर  
बुझातें है अपनी पेट की आग
और रह-रह कर अतृप्त कंठ 
रक्त भी पसीना समझ चुसती है।
आज संभाले जिसके काबिल नहीं 
विरासत का बोझ भी डालना चाहे 
झुके कंधे जब लाठी के सहारे अटके है 
उस भग्नावेश की ईंटों को कैसे संभाले। 
उस विरासत में कहीं जो
आनाज का  इक दाना शेष हो
उसे पसीने से सींच कर,
अब भी लहलहाने की जिजीविषा 
सूखे मांशपेशियों के रक्त संग सदैव है  
किन्तु निर्जीव पत्थरों  में भाव जगता नहीं 
जबतक  भूख संग अंतहीन समर शेष है। ।  

Sunday 20 April 2014

चित्रलेखा के साथ, एक कोने की तलाश


                          सरकारी सेवा के सौजन्य से छठे दशक तक सरकारी आवास की सुविधा के बावजूद भी सर पर छत की सुनिश्चितता उनकी प्राथमिकता सदैव से रही है। आखिर गाँव-गाँव है ,जहाँ उत्तरार्ध का जीवन व्यतीत करना उनको लगता है ज्यादा कठिन होगा। फिर इसकी उपलब्धि का सुख उन्हें बार बार रोमांचित करता है मैं बार -बार टाल जाता हूँ।   फिर भी बीच-बीच में इसी  "हम " के बीच " मैं"  के लिए भी एक कोना तलासने का प्रयास अर्धांगिनी कर्तव्य को निभाते हुए प्रयत्नशील थी। जिसमे गूगल बाबा का पूर्ण सहयोग तथा सपनो के आशियाने प्रदान करने वाले की मिश्री युक्त वार्तालाप का विशेष प्रभाव था की रह-रह कर मुझे कुछ करने को प्रोत्साहित करती रहती ,जैसे मैं कुछ कर ही नहीं रहा हूँ। वर्तमान को न जी कर भविष्य सुधारने की तर्कसंगत बातो में मेरी दिलचस्पी कभी ज्यादा नहीं रही। वर्तमान को सही तरीके से जिया जाय तो भविष्य सुन्दर भूत में परिवर्तित होगा ऐसा मेरा मानना है। फिर भी अर्धांग्नी की विचार का आदर न करना कर्कश संगीत के साथ सुरालाप करने जैसा है और आदर करके उसपर कदम न उठाना उनके प्रति प्रेम-निष्ठां पर प्रश्न चिन्ह। 
 इसलिए काफी मसक्कत के बाद मैं उनके विचारों से सहमति जताया तो आनन फानन में हमने कार्यक्रम  भी निश्चित कर दिया। मैंने भी सोचा चलो एक बार अपने "मैं" के लिए एक कोना ढूंढ़ ही लेते है। किस शहर में ये कोना होगा ये उनके द्वारा पहले ही निश्चित किया जा चुका था। क्योंकि मेरे व्यक्तिगत राय से शुरु से ही वाकिफ होने के कारण  की मुझे अपने गाँव की धूल  काफी आकर्षित करती है ,उसके आलावा बाकी सभी शहर मेरे लिए एक जैसा ही है ,मुझे उनके प्रस्ताव पर कुछ विशेष कहने को नहीं था। क्योंकि गाव की वातावरण में अभी भी "हम" का ही अस्तित्व है सो "मैं " को ढूंढने मुझे किसी शहर में ही जाना पड़ेगा। 
                      अपने वरिष्ठ अधिकारी को इस सम्बन्ध में बताया तो उन्होंने भी श्रीमतीजी के प्रस्ताव पर अपनी ख़ुशी प्रकट की तथा सलाह दिया अभी समय है नहीं तो समय यु ही निकल जाएगा। साथ ही साथ अवकाश के सन्दर्भ में कोई अनापत्ति नहीं दर्ज किया जो की मुख्य उदेश्य था। 
 सफर में हमसफ़र
                      अवकाश स्वीकृत होते ही तत्काल में आरक्षण हेतु प्रयास किया अतिरिक्त खर्च कर सुविधा पाने में सफल रहा। कार्यक्रम कुछ पहले से प्रस्तावित्त न होने के कारण जल्दीबाजी में अपने जरुरत के सामान ले कर चल दिए। चूँकि जिस शहर का प्रस्ताव था वहां पहले से ही बड़े भइया रहते है इसलिए कुछ विशेष चिंता नहीं थी। शुरू से ही यात्रा में कुछ उपन्यास ले कर चलने की आदत ही बेशक उसे पढ़े या नहीं उससे कोई विशेष फर्क नहीं पड़ता। सो एक पुस्तक अलमीरा से निकल कर रख लिया। श्रीमतीजी ने इसपर भी आपत्ति जताई जब पढ़ना था तभी याद नहीं अभी ढूंढते चलते है। मैंने  मुस्कुराकर व्यंग वाण का रुख विपरीत कर दिया। उन्होंने नजर हटा ली और अपने काम में लग गई। 
                      हम दो हमारे एक तीनो ने अपना-अपना एक एक बैग लिया और स्टेशन को प्रस्थान कर गए। ट्रेन अस्वभाविक रूप से निश्चित समय पर होने के कारण स्वभाविक ख़ुशी दिल में आलोड़ित हुई। अपने गंतव्य आरक्षित सीट पर बैठने के साथ ही श्रीमतीजी जी भावी कार्क्रम में खो गई जबकि बेटा अष्टम वर्ष के अपने उम्र के  अनुरूप ट्रेन के साथ-साथ चल रहे वृक्ष और पेड़ पौधों में खो गया। मैं पहले किये हुए गलती को सुधरने के लिए बैग में रखे पुस्तक को बाहर निकला। हाथ में भगवती चरण वर्मा  की प्रसिद्ध उपन्यास "चित्रलेखा" पाया। काफी बार पढ़ने के बाद भी हर बार यह एक नया अनुभव देता है। दिल में प्रसन्नता हुई चलो  सफर अच्छा कटेगा। 
                    राजधानी ट्रेन के सेवा के अनुकूल सभी सेवा समय से यात्रीगण को खुश करने के प्रयाश में लगे हुए थे। इसी  बीच पुस्तक का प्रथम पेज पलटा और वही प्रश्न -"और पाप " महाप्रभु रत्नाम्बर से श्वेतांक ने किया। जिसके जवाव में उन्हने कहा की इसे तुम्हे संसार में ढूँढना पड़ेगा जिसके लिए उनके दोनों शिष्य श्वेतांक और विशालदेव ने अपने  आपको सहर्ष प्रतुत किया। उसी बीच में चाय के लिए श्रीमतीजी द्वारा पूछना जैसे खलल डालना प्रतीत हुआ। वैसे वो किसी भी सेवा का अधिकतम उपभोग में यकींन  रखती है। वैसे रखना भी चाहिए आखिर मूल्य भी तो चुकाया जाता है। 
               जैसे जैसे ट्रैन की गति बढ़ती जा रही थी मैं  भी पढ़ने की  गति बढ़ता जा रहा था। अब विशालदेव कुमारगिरि योगी के कुटीर में और श्वेतांक बीजगुप्त के प्रसाद में पाप को ढूंढने एक वर्ष के लिए  पहुंच चुके थे और ट्रेन अपने अगले ठहराव पर।
             बीजगुप्त और चित्रलेखा के द्वारा जीवन का सुख क्या है। इसके चर्चा से कहानी दोनों के मस्ती उल्लास-विलास में मादकता का पूट लिए आगे बढ़ती है। जो जीवन में सुख ,अनुराग ,विराग ,पाप और पुण्य को तलाशने के क्रम में आगे बढ़ती है। जब रत्नाम्बर द्वारा  श्वेतांक बीजगुप्त के बैभव में पाप का पता लगाने के छोड़ दिया उसी बीच में श्रीमती जी ने पुस्तक को छोड़ कर खाने के लिए आमंत्रित किया। राजधानी ट्रेन में भोजन की व्यवस्था होने के कारन वो पहले से ही खुशी थी की अतिरिक्त भार  नहीं पड़ेगा। हम दोनों के बीच उसी क्रम में पुनः चर्चा हो ही गई जिससे मैं  पुस्तक के द्वारा बच रहा था। किन्तु जब कुमार गिरी विशालदेव को मन को  शुद्ध और ममत्व से मुक्त रहने के लिए प्रयत्न करने को कहते है।यह एक तपस्या है और तपस्या में दुःख नहीं है और इच्छाओ को दबाना उचित नहीं ,इच्छाओ को तुम उत्पन्न ही न होने दो। मुझे लगा मैं और मेरी श्रीमतीजी दोनों सही है उन्होंने इच्छाओ को दवया नहीं और मैंने इच्छा को जगाया नहीं। 
            भोजन समाप्ति के उपरांत पुत्र निंद्रा देवी के आगोश में चला गया और मैं पुनः विशालदेव के इस विचार में उलझ गया की मनुष्य उत्त्पन्न होता है क्यों ?कर्म करने के लिए। उस समय कर्म के साधनो को नष्ट कर देना क्या विधि के विधान के प्रतिकूल नहीं है। उधर श्वेतांक चित्रलेखा के विचार से  दिग्भ्रमित है जब वो कहती है -पिपासा तृप्त होने की चीज नहीं है। आग को पानी की आवश्यकता  नहीं है ,उसे धृत की आवश्यकता होती है जिससे वो और भड़के। जीवन एक अविकल प्यास है। उसे तृप्त करना जीवन का अंत करना है। जीवन हलचल है ,परिवर्तन है और हलचल तथा परिवर्तन में सुख और शांति का कोई स्थान नहीं है। इसी बीच खाने के उपरांत दिए जाने वाले  आइसक्रीम बढ़ाया मैं  कहानी में अतिरिक्त हलचल को आमंत्रित नहीं करना चाहता था अतः उसे इंकार कर दिया। श्रीमतीजी खुश हो गई। आइसक्रीम खाने के बाद उन्होंने अब सोने का निश्चय  किया। मैं लाइट के बंद होने तक पुस्तक छोड़ना नहीं चाह रहा था। 
                     इसी बीच कुमारगिरि के आश्रम पर बीजगुप्त और चित्रलेखा पहुंचे। चित्रलेखा ने मस्तक नवा कर कहा -" पतंग को अंधकार का प्रणाम " । सौंदर्य में कवित्व और वासना  की मस्ती में अहंकार। अनुराग और विराग के दार्शनिकता का तथ्य  लिए योगी और नर्तकी के बीच संवाद जीवन के विभिन्न आयामों को सम्बोधित कर बढ़ रहा था। क्रांति और शांति का मुकाबला ,जीवन और मुक्ति होड़ बढ़ चली थी। "शांति और सुख " शांति अकर्मण्यता का दूसरा नाम है जबकि सुख की कोई परिभाषा नहीं है। योगी के लिए ये जीवन का विद्रूप सिंद्धांत था। तब तक प्रकाश के कारण अन्य यात्री को थोड़ी असुविधा होने लगा। मैं  भी नींद में सुख को देख उसी के आगोश में चला गया। 
                सुबह नींद खुलने पर पुत्र ने इतना मौका नहीं दिया दिया की जीवन के विभिन्न पहलुओ को पुस्तक में झाँकू। अब ट्रेन अपने गंतव्य पर पहुंच चूका था। हमलोग अपना-अपना सामान ले कर ठिकाने के लिए चल दिए। पहुचने पर भइया को हमारे आने प्रयोजन चुकी पहले से ही पता था  अतः उन्होंने कहा आराम करने के बाद चलेंगे। 
                इस बीच बिभिन्न कोनो में छत की तलाश जारी रही। समाचार पात्र में सपनो के आशियाने पर तालाबंदी का समाचार पहले आकर्षण पर तुषारापात कर दिया। न्यूज चैनलों पर आवेदको के आँखों में भविष्य की श्याह परछाई दिल को भयभीत कर दिया। सरकार के तमाम आलोचनाओ के वावजूद भी सभी का एक मत से राय था की हमे अब ऐसा ही कोना लेना था जिसे सरकार ने खुद बनाया हो। इस प्रकार के कई परियोजनाओं को देखने में अवकाश के दिन निकल गए। कंक्रीट के बियावान में समकालीन शारीरिक सुविधाओ के अनुसार एक कोना हमने तय कर दिया। अब जल्द से जल्द वापस आना था।  क्योंकि अभी तक की जमाई और और आगे की कमाई के ऊपर ही दिए जाने वाले दस्तावेज की जरुरत थी जिस पर कुछ आने वाले वर्षो में नाम हमारा और लिखित कागद पर किसी और का अधिकार होगा। इसी दौरान चित्रलेखा कुमारगिरि की और बीजगुप्त परिस्थिगत कारण  से मृत्युंजय की पुत्री यशोधरा की ओर आकर्षित होते दिख रहे थे। कुमारगिरि विराग से अनुराग की और सफर करने लगा जबकि चित्रलेखा के दिल में विराग ने अपना घर बनाना शुरू कर दिया। 
                 हमने भी भविष्य की योजना को कार्यान्वित करने के लिए एक सप्ताह उपरान्त  ट्रेन पकड़ लिया,जो की पहले से ही सुनिश्चित था । अब बीजगुप्त जीवन के उल्लास से उचट शांति की तलाश में काशी पहुंच गए जहाँ यशोधरा भी साथ हो गई। बीजगुप्त जिससे दूर भाग रहा था परिस्थिति उसे नजदीक ला  रही थी जबकि जबकि चित्रलेखा जिसकी नजदीक जाना चाह रही थी अब उससे दूर भाग रही थी। बीच में विशालदेव और श्वेतांक पाप और पुण्य के बदलते निहितार्थ अनुराग और विराग , शांति और सुख के मध्य ढूंढने का प्रयास कर रहे थे। जब बीजगुप्त यशोधरा से ये कहता है की हम स्थान को नहीं पसंद करते है -स्थान तो केवल एक जड़ पदार्थ हम वातावरण को पसंद करते है जिसके हम अभ्यस्त हो जाते है। कितना सही है एक घटना ने वातावरण को प्रभावित किया और हमने अपना निर्णय बदल दिया। राजधानी ट्रेन अब राजधानी से अपनी दूरी  बढाती जा रही थी। मैं ट्रेन और जीवन के हलचल से दूर  पुस्तक में अपने लिए शांति तलाश रहा था। श्रीमतीजी भावी कटौती पर विचार कर रही थी जबकि पुत्र इन सबसे मुक्त अपनी दुनिया में अपने खेल-खिलौने के साथ खोया हुआ था। मनुष्य परतंत्र है परिस्थिति का दास है ,वह करता ही नहीं साधन मात्र है। बीजगुप्त के इस विचार से मैं पिछले एक सफ्ताह से सामंजस्य बैठाने का अध्यनरत चिंतन कर रहा था। कर्तव्य मुख्य है सुख या दुःख नहीं। 
               इसी बीच रात्रि के भोजन में कुछ यात्रीगण के आलोचना की पनीर शुद्ध नहीं है।  बीजगुप्त को सन्यासी द्वारा कहना घूम गया की -कृत्रिमता को अब हमने इतना अधिक अपना लिया की वो अब स्वयं ही प्राकृतिक हो गई है। वस्त्रो का पहनना भी अप्राकृतिक है। प्राकृतिक जीवन एक भार है उसमे  हलचल  लाने के लिए ही बिभिन्न उपक्रम किये गए है। दुःख को कृतिम उपाय द्वारा दूर करना आत्मा का हनन नहीं है यदपि वह अप्राकृतिक है किन्तु स्वभाविक। -बीजगुप्त उठ खड़ा हुआ मैं भी खाने के उपरांत हाथ धोने चल दिया। 
                 कहानी अपनी परिणीति की और अग्रसर था और मैं भी इस हलचल को सोने से पहले ही शांत करना चाहता था। क्योंकि की ट्रेन सुबह सुबह ही मुझे अपने से अलग कर देगा और पुनः मौका मिलने की सम्भावना अगले यात्रा से पहले शायद संभव कम ही होगा,  ऐसा ही मुझे लगता था। परिस्थिति का क्रम बदल रहा था। कुमारगिरि वासना के अभिभूत अपने मार्ग से च्युत हो रहा था ,चित्रलेखा जिस विराग को अनुभव करने आई थी वहां प्रेम संग छल नजर आ रहा था ,बीजगुप्त अब आत्मा के अस्थाई मिलन के भाव को समझ यशोधरा की और आकर्षित था ,जबकि श्वेतांक जीवन के प्रेम में  ऊष्मा को अब महसूस करने लगा था। विशाल देव ध्यानस्थ समाधी में अग्रसर था। 
                 श्वेतांक और यशोधरा से प्रेम ,बीजगुप्त के लिए ये जानकारी दिल में ज्वाला उत्त्पन्न कर दिया। वह प्रेम के स्थाई और अस्थाई के विचार में प्लावित होने लगा। चित्रलेखा का अस्थाई प्रेम है ऐसा उसका दिल मानने को तैयार नहीं था। बीजगुप्त का त्याग और श्वेतांक का यशोधरा से मिलन परिस्थिति के कर्ता होने के भाव को पुष्ट करता  हुआ बिलकुल अंतिम परिच्छेद में आ चूका था। सह यात्री के निवेदन पर की प्रकश को बंद कर दिया जाय ,मुझे खुद भी अपने ख़ुशी के लिए दूसरे के कष्ट को अनदेखी करने पर छोभ हुआ। किन्तु मैं अब इस कहानी की पराकाष्ठा पर यु ही नहीं उसे छोड़ना चाहता था अतः बाहर निकल अटेंडेंट के सीट पर निवेदन कर बैठ गया जबकि वो थोड़ा और खिसक कर सो गया। 
स्वेतांक का विवाह अब यशोधरा से हो गया। बीजगुप्त अपनी सारी संपत्ति उसे दान कर दिया। संसार में चित्रलेखा और बीजगुप्त भिखारी बनकर निकल पड़े ,जिसका आधार प्रेम और सिर्फ प्रेम था। 
               एक वर्ष बाद जब स्वामी रत्नाम्बर मिले तो उहोने गृहस्थ स्वेतांक से पूछा -बीजगुप्त और कुमारगिरि दोनों में कौन पापी है और यही प्रश्न विशालदेव से। दोनों के जवाव अलग अलग थे। तो उन्होंने कहा -जो मनुष्य करता है वो स्वभाव के अनुकूल होता है  और स्वभाव प्राकृतिक। मनुष्य अपना स्वामी नहीं परिस्थितियों का दास है -विवश है। कर्ता नहीं है केवल साधन मात्र फिर पाप और पुण्य कैसा। प्रत्येक मनुष्य सुख चाहता है पर उसके केंद्र अलग होते है कुछ धन में देखते ,कुछ मदिरा में देखते है कुछ अन्य में किन्तु सुख प्रत्येक व्यक्ति चाहता है। यही मनुष्य की मनः प्रवृति है उसकी दृष्टिकोण की विषमता। किन्तु सुख हर कोईचाहता है।  उस समय मुझे सुख सोने में नजर आ रहा था और उसके पश्चात सोने चल दिया।
              दिमाग के किसी कोने में प्रस्तावित कोने की तलाश में श्रीमतीजी के दिल में सन्निहित सुख के विषय में सोचने लगा।  यदपि इसमें पहले की असहमति में अपने सुख का कोना भी नजर आया। सार्वभौमिक आत्मा के एकाकार की स्थिति में भी उसको अलग पहचान का कोना चुकी अन्य  सदस्यों की सहमति का रूप ले चूका था अतः उसके प्राप्ति के विभिन्न स्रोतों के विषय में विचार करता हुआ अनचाहे सुख में खो गया। पुनः निकट आने वाले समय के विषय में इस यात्रा के समाप्ति के उपरांत ही सोचने पर बाध्य हो गया। संभवतः परिस्थिति मुझ पर हावी होने लगा था ।     

Monday 7 April 2014

आंसू

बहते आसुओं कि लड़ी को 
उम्मीदो के धागे से बाँध कर 
मैंने अर्पित कर दिया उसी को 
जिसने ये सोता बनाया। 
न कोई मैल है न शिकायत 
की ये झर्र -झर्र कर बहते है 
शुष्क ह्रदय कि इस दुनिया में 
मुझसे  खुशनसीब कौन है। 
ये गिर कर बिखर न जाए 
बस इतना ही फ़िक्र करता हूँ 
की और कोई मोतियों की लड़ी नहीं 
जो मै तुझको समर्पित कर सकूँ। 
मांगू क्या और तुझसे 
न मिले तो भी रिसती है 
और मिलने के बाद भी 
फिर यूँ  ही बहकती रहती है। 
मैं  जानता हु तू मेरा है ये जताने के लिए  
दर्द बन कर यूँ ही  सताता है 
और तेरी रहमत का क्या कहना 
साथ में आंसू भी दवा बन आ ही जाता है। ।   

Sunday 6 April 2014

शब्दो की प्रत्यंचा

                              भाषा शास्त्र समृद्धि के नए सोपान चढ़ रहा है। शब्दों के नए नए निहितार्थ निकाल  शब्दकोशों को समृद्ध करने का बृहत प्रयास किया जा रहा है।  जिन शब्दो को लोग सुनने में भी कतररते थे उनका इस्तेमाल करने में हिचक ही नहीं गर्वोक्ति का अनुभव किया जा रहा है। आरोपो और आक्षेपों कि अद्भुत बिजली गरज रही है। लोग चौंधिया जा रहे है। इस चमक से स्वाभाविक रूप से आँखों को समझ में नहीं आ रहा है कि आखिर वास्तविकता क्या  है। भीड़ युक्त जनतंत्र में सिर्फ जन ही जन  ही दिखाई पर  रहे है, तंत्र जैसे सिकुड़ कर कही दुबक गया है।  हर कोई उस तंत्र को समृद्ध करने के नए -नए सब्ज बाग़ लगा रहे है ,शब्दों के फव्वारे चला कर उसे सीचने का भरपूर प्रयत्न किया जा रहा है। ये वैसा ही लग रहा है जैसे कि आसमान से तेज़ाब कि बारिश हो रही है। एक जवान लोकतंत्र कि त्वचा काफी कठोर लग रही है और सहन करने में अपने आपको  सक्षम पा रहे है।शब्दो की प्रत्यंचा पर नए नए अर्थों के  तुणीर छोड़े जा रहे है। मुकाबला लगभग बराबरी का चल रहा है। जो इस मुकाबले से उदासीन है और अभी भी त्वचा मुलायम है  उन्होंने अपने -आपको इस परिदृश्य से बाहर  कर रखा है और ध्वनि रोधक छतरी फैला कर ही बाहर निकल रहे है। 
                    अगला परिणाम जो भी हो किन्तु अगर उसे भी ये  लोकतंत्र के मंदिर में  शब्द भजन और आजान कि तरह गूंजना शुरू  कर देंगे,और यदि अपने आपको विज्ञ कहलाने वाले कुछ लोगो ने ऐतराज किया तो इनकी सर्वसम्म्ति से इंकार करने का कोई कारन नहीं दीखता । हम कुछ और पर गर्व करे या न करे इतना तो कर ही सकते है कि जिन शब्दों को अनावश्यक परदे के भीतर रखा जाता था उसे भी हमने लोकतंत्र के उद्दात परम्परा का वहन  करते हुए आजादी दे दी है। आख़िर कोई भी परतंत्रता कि बेड़ी इन्ही शब्दो के सहारे ही तो काटता है फिर उन्ही शब्दो को घेरे में रखना आखिर अन्याय ही तो है। कम से कम इतना तो हो रहा है,कितनी आसानी से हवा में स्वच्छन्द हो ये शब्द तैर रहे है। जैसे -जैसे ये शब्दों ने तैरना शुरू किया विचारो में उत्तेजना का प्रभाव चारो तरफ दिखने लगा है।इस महोत्सव में किसके स्टॉल पर कितने जाते है और  कौन किस किस का हिसाब करेगा उसके समझ के लिए इन नए प्रयोगो को भी समझना होगा। अब देखना है कि इन शब्दो के धनुर्धर में कौन मछली की  आँख कि तरह घूमने वाले जनता के दिल को भेद पाता है।   

Friday 4 April 2014

अंतहीन प्रश्न चिन्ह ?

न बदलते अश्क
अद्भुत प्रकृत की प्रवृति,
जब अंगवस्त्र की भांति
जिस्म धारण है करता,
प्रवंचना किस बात का फिर
दोष किसको कैसे कौन मढ़ता ।
शाश्वत है अजन्मा है
अदाह और अच्छेद भी
फिर कहाँ से कलष
इसमें स्वतः ही प्रवेश करता। ।
चिरन्तन  है स्थिर साथ ही
अचलता का भाव गर्भित
फिर अस्थिर हो कैसे मचलता।
सनातन से भाव शाश्वत
शोक और संताप शाश्वत
मन के भाव जब कलष छाये
फिर ये कैसे निर्विकार रहता।
क्यों वास हो इस अवध्य सार का,
अलौकिक इसके अद्भुत निखार का,
ढो रहा जब उद्भव से निर्वाण तक
किन्तु फिर भी अव्यक्तता का भाव धर
व्यक्त दोष इस हाड़ -मांस क्यों है जड़ता।
रंगहीन जब अंग -वस्त्र
आत्मा कैसे हो क्लेश त्यक्त
पोड़ -पोड़ पीड़ा नसों में
ज्ञान का सब सार व्यर्थ। 
जठराग्नि की ज्वाला
उद्भव से जो जला रही है 
उस दिव्य उद्घोषणा पर 
एक अंतहीन प्रश्न चिन्ह लगा रही है। । 

Wednesday 2 April 2014

माया

वंचित आनंद से और 
संचित माया का राग ,
जीवन के हर दुःख में बस इसका प्रलाप 
फिर स्व उद्घोषित माया क्या ?
माया तो कुछ भी नहीं
लोलुपता का महा-काव्य है
खुद से छल, अनुरक्त से विरक्ति
लोभ -प्रपंच से सिक्त
निकृष्ट प्रेम का झूठा प्रलाप है।
हर वक्त ह्रदय में आलोड़ित
असीम  आनंद कि तरंगे,
सुरमई शाम के साथ
विहंगो कि कलरव उमंगें,
सब से विमुख हो
और करते प्रलाप ,
डसे जाने का त्राश, 
जीवन के द्वारा ही जीवन को।
फिर माया के नाम का करते आलाप है 
किन्तु यह निकृष्ट इच्छा का प्रलाप है।
गढ़ा है खूब वक्त कि कालिख से 
की इसके स्याह आवरण ने ढक दिया है,
उस श्रोत को जो अनवरत
बस आनंद का श्रृजन  करता है। 
और हम भटकते रहते है 
उस खोज में जीवन के, 
जो श्रृष्टि  ने आदि से ही 
हर किसी  के संग लगाया है। 
माया की महिमा को 
जीवन के दर्शन में क्या सजाया है ,
जैसे दर्शन जीव का न हो निर्जीवों कि काया है।  
और अनवरत चले जा रहे है, 
उसी निर्जीव में सजीव आनंद की  चाह लिये,
जिसे माया के नाम पर 
जाने कब से ह्रदय में उठते आनंद को, 
हमने स्व-विकृत चाह में इसे दबाया है। 
आनंद को माया के नाम छलना ही संताप है 
क्योंकि यह निकृष्ट सुख का छद्म प्रलाप है। । 

Thursday 27 March 2014

ठगे -ठगे सब बमभोला बन जाते ..

हर उलझन को ये सुलझा दे 
और सब कुछ है फिर उलझा दे 
बड़े-बड़े वादों से आगे अब 
हर चौक पे होर्डिंग लगवा दे। 
नए-नए ब्रांडो की लहरे 
थोक भाव में बेच रहे है  
जनता क्या सरकार चुने अब 
देश नहीं सिर्फ बाजार पड़े है। 
गांधी जी के बन्दर भांति 
आमजन बैठे-बैठे है 
मूड पढ़े कैसे अब कोई 
न कुछ देखे न ही सुने है। 
वोटर सब नारायण बनकर  
हवाई सिंघासन पर लेटें है 
दोनों हाथ उठे है लेकिन 
मुठ्ठी बंद किये ऐंठे  है। 
लोभ ,लालच प्रपंच में कितने 
रुई कि भांति नोट उड़े है 
सेवक सेवा कि खातिर अब 
कैसे-कैसे तर्क गढ़े है।  
बेसक कल लूट जाये नैया 
लगा दांव सब पड़े अड़े है 
आश निराश के ऊपर उठ कर 
द्वारे-द्वारे भटक फिर रहे है। 
किसकी किस्मत कौन है बदले 
आने वाला कल कहेगा 
जो करते सेवा का  दावा 
कितने सेवक वहाँ लगेगा। 
मंथर चक्र क्रमिक परिवर्तन 
सब पार्टी में अद्भुत गठबंधन 
तुम जाओ अब हम आ जाते 
ठगे -ठगे सब बमभोला बन जाते। 

Sunday 9 March 2014

अंतहीन


ये गाथा अंतहीन है
बनकर मिटने और
मिट -मिट कर बनने की।
प्रलय के बाद
जीवन बीज के पनपने की
और विशाल वट बृक्ष के अंदर
मानव जीवन को समेटने की।
रवि के सतत प्रकाश की
राहु के कुचक्र ग्रास की
कुरुक्षेत्र में गहन अंधकार की
विश्व रूप से छिटकते प्रकाश की।
अद्भुत प्रकृति के विभिन्न आयाम
जीवन के उद्गम श्रोत का  भान
पुनः अहं ज्ञान बोध कर
उसे बाँधने को तत्पर ज्ञान। 
द्वन्द और दुविधाओं से घिरकर 
श्रृष्टि के उत्कृष रचना 
अपने होने का अभिशाप कर 
अंतहीन विकास के रास्ते 
जाने कौन सा वो दिन हो 
जब मानव भूख के  
हर अग्निकुंड में 
शीतल ज्वाला की आहुति पड़े।  

-----------------------------

हर उद्भव के साथ
समग्र को समाने का प्रयास
ह्रदय को बस
एक सान्तवना सा है।
काल के आज का कुचक्र
जिनको अपने आगोश में लपेटा है।
प्रारब्ध के भस्म से
मानवता के मस्तिष्क  पर
तिलक से शांति का आग्रह। 
चिरंतन से उद्धार का उद्घोष
मानव से महामानव
तक कि अंतहीन यात्रा
और इसी यात्रा में
सतयुग कि महागाथा
से कलियुग के अवसान होने तक
हर मोड़ पर अनवरत
मानव के विकास बोझ 
और उसके राख तले
बेवस सी आँखे। 
अपने लिए
एक नए सूरज के उदय का 
अंतहीन इन्तजार करते हुए। । 

Wednesday 5 March 2014

एक ख्वाहिश

खुली आँखों से 
जो न दिखी हो अब तक 
किया हूँ बंद पलक बस 
तुझे निहारने के लिए       ।। 
प्यास बुझे तेरे प्रेम की 
ऐसी तो  कोई खवाहिश नहीं
बस चाहता हूँ जलूं  और
इसे  निखारने के लिए     ।। 
गूंजती है कई आवाजे 
टकराकर लौट जाती 
बस गूंजती है सनसनाहट 
तूं पास ही है ये जताने के लिए  ।। 
कभी पास-पास हम बैठे  
ऐसा न कर पाया 
दिलजले कई घूमते अब भी 
कुछ तस्वीर जलाने के लिए    ।।
टूटकर तो कितनो ने  
तुझपे इश्क का चादर चढ़ाया है 
मैंने ओढ़ा है तुझे 
खुद को भूलाने के लिए     ।।
कई रंग है तेरे 
सब अपना-अपना ढूढ़ते है 
मैंने मिला दी सबको 
नए निखार लाने के लिए   ।। 
तू इबादत है ,प्रेम है,इश्क या कुछ और 
मुझे मालूम नहीं 
बस ख्वाहिश  है इतनी 
तू छूटे न कभी और कुछ पाने के लिए। ।     

Monday 3 March 2014

नजर


लपलपाते जीभो से
कैसे नजर फाड़े है ,
देखा नहीं क्या कभी।
जहाँ के हो वहा भी
अंदर और बाहर तो होगा।
अलग -अलग रूपों में
यहाँ क्या अलग है ?
घर कि रौशनी
इन आँखों पर पड़ते ही
तस्वीर और कैसे बदल जाती है ?
यहाँ ऐसी कौन सी हवा है
जो तुम्हारे घर में नहीं बहती।
संस्कारों का बोझ
क्या इतना ज्यादा है ,
जो देहरी पर ही छोड़ आते हो।
भरा बाजार है
इंसान कहाँ ठीक से नजर आता
कहीं नजर ऐसा न टिके की
फिर नजर उठा न सको। 

Saturday 1 March 2014

बदलाव की बयार

                                 वक्त वाकई काफी ताकतवर होता है। इसमें किसी को कोई शक संदेह नहीं।जनता को भी वक्त, क्रमिक चक्र कि भाँति घूम -घूम कर प्रत्येक पांच साल बाद  अपने  आपको याचक नहीं बल्कि दाता के रूप में देखने का सौभाग्य देता है।  जहाँ जनता की ताज पोशी जनार्दन के रूप में की  जाती है। अपने भाग्य को कोसने वाले ओरों की तक़दीर बदलने को तैयार है। अभी आने वाले कुछ महीने में न जाने किनका किनका वक्त बदलने वाला है। पश्चिम वाले कहते है पूर्व कि ओर देखो और अपने यहाँ लोग गाँव कि ओर देख रहे है। गाँव से हमें कितना प्यार है ये तो इसी से जाहिर होता है कि अभी तक हमने बहुत सारे बदलाव उसमे गुंजाईश के बाद भी नहीं होने दिया।  हमारे गावों में  समझदार बसते है,बेसक शिक्षितों में वो इजाफा न हुआ जो कि कागज़ को काला कर सके । उनके समझदारी के ऊपर बड़े -बड़े बुद्धूजीवी भी हतप्रभ रह जाते है। दिमाग नहीं दिल से फैसला देते है। गाँव की  उर्वरक मिट्टी पोषित कर सभी के ह्रदय को विशाल बना देता है। इसलिए छोटी -छोटी बातों पर  गाँव वाले  दिमाग कि जगह   दिल को  तव्वजो देते है।बाकी जो  शहर से  आते है पता नहीं ? बुद्धिजीवी लोग रहते  है  जो हमेशा दिमाग की  ही सुनते है। 
                          युवा वर्ग उभर रहा है ,ये देश कि ओर और देश इनकी ओर निहार रहा है बीच में बैठे देश चलाने वाले दोनों  की ओर निहार रहे है। स्वाभाविक रूप से दोनों को एक साथ निहारना कठिन काम है। दोनों ही क्षुब्ध है। लेकिन मनाने का प्रयास चल रहा है। कुछ ही दिनों में दोनों  की तकदीर बदलने वाली है। टकटकी लगाये ये बदलाव कि बयार को कलमबद्ध करने वाले ज्यादा से ज्यादा संख्या में इस काम के लिए  नियुक्तियां से प्रतिनियुक्तियां किये जा रहे। आखिर हर व्यपार का आपना-अपना मौसम होता है। अब देश  की  जनता जागरूक हो गई है। देखिये अब सीधे मैदान में आ खड़े हुए है। जनता ही लड़ती है और जनता ही लड़ाती है। ये तो अपनी -अपनी किस्मत है कि किसके लिए जनता लड़ती है और किसको जनता लड़ाती है। भाग्य बदलने कि ताबीज सभी ने अपने अपने हाथों में ले रखे है। अब गला इन ताबीज के लिए कौन -कौन बढता है ये तो आने वाला समय ही बतायेगा।
                             देश के  सीमा की रक्षा करते -करते फिर भी मन में संदेह रह गया ,समझने में थोड़ी देरी अवश्य हुई किन्तु अब ज्ञात है कि अंदर ही ज्यादा ताकतवर दुश्मन बैठे है ,देखना है कि कैसे अब इनसे लोहा लिया जाता है। अनेकता में एकता है और एकता में भी अनेकता है ये मिसाल हम सदियों से देते आये है ,बस अब पुनः एक बार दोहराना है। इन दोनों से जिनका चरित्र मेल नहीं खाता है उनका अलग रहना ही ठीक है। उदार मन के स्वामी तो हम सदैव से ही रहे है ये तो अपनी धरोहर  है माफ़ी मांगने और माफ़ी देने की उदार /अनुदार सांस्कृतक विरासत को आखिर विशाल ह्रदय के स्वामी ही आलिंगन कर सकते है। बेसक कुछ लोग पेट कि अंतड़ियां गलने से काल के गाल में समां गए तो उसपर आखिर किसका  वश होगा। "होई है ओहि जो राम रची राखा " इन बातों से हमें शर्मिंदा नहीं होना चाहिए। 
                            आखिर हमने एक नये सुबह का सपना देखा है जहाँ घडी के साइरन बजते ही घर में जल रहे लालटेन कि लौ बुझा कर , कुल्हड़ में चाय पीने के बाद ,हल-बैल को छोड़ जो अभी भी बहुत कम लोगो के पास है ,रिक्शे और साईकिल  पर सवार होकर हाथों में झाड़ू लेकर देश कि हर गंदगी को साफ़ करते हुए बढ़ते जाए ,क्या सुन्दर दृश्य होगा जो इन स्वच्छ राहो पर जण -गण हाथी पर सवार हो हशियाँ -हथोड़ी के साथ काम पर एक नए भारत के निर्माण के लिए निकले  और रास्ते के किनारे -किनारे कीचड़ में उदय हो  रहे कमल नयनाभिराम दृश्य का सृजन कर रहे हो। बदलाव की  बयार है कही सपना हकीकत न बन जाए।      

Tuesday 25 February 2014

अहम्,

आज न जाने कैसे  
दोनों के अहम्
आपस में टकरा गए। 
निर्जीव दीवारें भी
इन कर्कश चीखों से
जैसे कुछ पल के लिए
थर्रा गए। 
एक दूसरे के नज़रों में 
अपनी पहचान खोने का गम था। 
"मैं" और "तुम" यादकर 
"हम" से मुक्त होने का द्वन्द था।   
अब चहारदीवारी में 
दो सजीव काया
निर्जीव मन से बंद थे। 
बंद थी अब आवाजे
ख़ामोशी का राज था। 
खूबसूरत कला चित्र भी
अब इन दीवारो पर भार था। 
कुछ देर पहले निशा पल में
जो गलबहियां थी। 
दो अजनबी अब पास-पास
युगों-युगों सी दूरियां थी। 
बुनते टूटते सपने पर भी
कभी तर्जनी एकाकार थे। 
समय के बिभिन्न थपेड़ो पर
मन में न कभी उद्विग्न विचार थे। 
वर्षो साथ कदम का चाल जैसे 
अचानक ठिठक गया। 
मधुर चल रही संगीत को 
श्मशानी नीरवता निगल गया। 
टकराते अहम् है जब 
मजबूत से रिश्ते दरक जाते है। 
धूं -धूं कर दिल से उठते धुएं 
कितने आशियाने जला जाते है। ।   

Saturday 22 February 2014

तंग कोठरी

ये  कोठरी 
कितनी तंग हो गई है 
यहाँ जैसे 
जगह कम हो गई है। 
कैसे मिटाऊँ किसी को यहाँ से 
ये मकसद अब 
शिक्षा के संग हो गई है। 
जीवन से भरे सिद्धांतो के ऊपर 
उलटी  धारा में चर्चा बही है  
बचाने वाला तो कोई है शायद 
मिटाने के कितने नए 
हमने यहाँ उक्तियाँ गढी है। 
कितने खुश होते है अब भी 
परमाणुओं की शक्ति है पाई 
जो घुट रहे अब तक 
इसकी धमक से 
तरस खाते होंगे 
जाने ये किसकी है जग हँसाई। 
अपनी ही हाथों से 
तीली सुलगा रहे सब 
जल तो रहा ये धरा आशियाना। 
घूंट रहे  इस धुँआ में 
सभी बैचैन है 
जाने कहाँ सब ढूंढेंगे ठिकाना। 
विचारों में ऐसी है 
जकड़न भरी ,
कोठरी में रहा न कोई 
रोशन, झरोखा  
किसको कहाँ से अब 
कौन समझाए 
परत स्वार्थ का सबपे 
कंक्रीट सा है चढ़ा। ।   

Tuesday 18 February 2014

प्रहसन

शाम कि श्याह छाँह
जब दिन दोपहरी में
दिल पर बादल कि तरह
छा कर  मंडराते है। 
जब सब नजर के सामने हो
फिर भी
नजर उसे देखने से कतराते है। 
सच्चाई नजर फेरने से
ओझल हो जाती है। 
ऐसा तो नहीं
पर देख कर न देखने कि ख़ुशी
जो दिल में पालते है। 
उनके लिए ये दुरुस्त नजर भी
कोई धोखा से कम तो नहीं
और अपने-अपने दुरुस्त नजर पर
हम सब नाज करते है। 
तडपते रेत हर पल
लहरों को अपने अंदर समां लेता है
पुनः तड़पता है
और प्यासे को मरीचिका दिखा 
न जाने कहाँ तक
लुभा ले जाता है। 
सब सत्य यहाँ
और क्या सत्य, शाश्वत प्रश्न  है ?
बुनना जाल ही तो कर्म 
फिर माया जाल  का क्या दर्शन है
हर किसी के पास डफली
और अपना-अपना राग है। 
अपने तक़दीर पर जिनको रस्क है
हर मोड़ पर मिलते है। 
मुठ्ठी भर हवा से फिजा कि तस्वीर
बदलने का दम्भ भरते है। 
कर्ण इन शोरों पर
खुद का क्रंदन ही सुनता है। 
वाचाल लव फरफराती है
पर मूक सा ही दिखता है। 
इस भीड़ में हर  भीड़ 
अलग -अलग ही नजर आता है
बेवस निगाहों कि कुछ भीड़ को बस  
प्रहसन का पटाक्षेप ही लुभाता है।  

Friday 14 February 2014

वेलेंटाइन डे

क्या विशेष है
ये प्रेम दिवस कैसा संदेश है ?
कण-कण में जहाँ प्रेम है रमता
सुदामा कि पोटली से अब तक
निर्झर प्रेम है झरता।
मीरा कि तान अब भी गुंजती है
कन्हैया को  गोपियाँ भी ढूंढती है।
हर उत्सव है सजाये
महीना दर महीना ख़ुशी मनाये।
प्रेम जब घट -घट में हो बसा
क्यों फिर दिन इन्तजार कराये। 
कब राम ने शबरी के बेर को
तौल कर मोला था
उत्कट प्रेम ने कभी यहाँ
अर्थ का द्वार न खोला था।
अब भी सजते है
प्रेम सिर्फ प्रेम में पूजते है।
जब शब्दो में समाया विकार है
प्रेम का अर्थ कुछ और भी स्वीकार है। 
रूखे कागज पर ही  इसे ढूंढेंगे
बाजारों में कीमत पर तौलेंगे।
पर प्रेम के लिए -
सुखी दिल कि क्यारीं को पनपायें 
मन के उपवन में संवेदनाएँ  जगाये
बसंत मतवाला हो हर पल गायेगा
सिर्फ आज क्यों हर दिन प्रेम गुनगुनाएगा। । 

Tuesday 4 February 2014

परछाई

सर्द हवा ने 
आंतो को जमा दिया 
भूख कुछ  जकड़  गई ,
नीले-पीले डब्बे 
रंग-बिरंगी दुनिया से निकल कर 
अपने आत्मा से अलग 
ठुकराये जाने के दुःख से कोने में गड़ी 
सूखे टहनियों सी हाथ के साथ 
कई अंजान से एक जगह मिलाप 
धूं -धूं  धधकता है। 
सुंगन्धो से मन गदगद 
सर्द हवा आंतो को बस 
ऐसे ही जकड़ रखो की ये आवाज न दे । । 
जब सूरज जकड़े गएँ 
तो इनकी औकात क्या ?
पर ये काल चक्र 
हर समय काल बनकर ही घूमता ,
इन हवाओ में न जाने क्यों 
उष्णता है रह रह कर फूंकता। 
फिर छल दिया 
प्रकृति के रखवालों ने 
नीले -पीले डब्बे कि जगह 
भर दिया फूलों से 
हरी-भरी गलियारों ने । 
आंत अब जकड़न से बाहर 
भूख से बेताब है,
धुंध से बाहर हर कुछ 
नए रंग-लिप्सा की आवाज है। 
पर ,ओह बसंत, क्या रूप है तेरा 
कैसे जानूं मैं 
आँखों पर अब तक 
आंतो की भूख  ने 
अपना ही परछाई बिठा रखा है। । 

Monday 27 January 2014

जीवन

जीवन 
दोनों के पास है
एक  है इससे क्षुब्ध
दूसरा है इससे मुग्ध
एक पर है भार बनकर बैठा
दूजा इसपर बैठकर है ऐंठा। 
जीवन 
दोनों के पास है,
एक ही सिक्के के,
दो पहलूँ कि तरह। ।
जीवन 
एक महल में भी कराहता है 
तो कहीं फूंस के छत के नीचे दुलारता है। 
कोई अमानत मान इसे संभाल लेता 
तो दूजा तक़दीर के नाम पर इसे झेलता। 
जीवन 
दोनों के पास है 
एक ही मयखाने के 
भरे हुए जाम और टूटे पैमाने की तरह। । 
जीवन 
मुग्ध सिद्धार्थ जाने क्यों
हो गया इससे अतृप्त,
अतृप्त न जाने कितने
होना चाहते इसमें तृप्त। 
जीवन 
दोनों के पास है ,
एक ही नदी के 
बहती धार और पास में पड़े रेत की तरह। ।
जीवन 
शीतल बयार है यहाँ
वहाँ चैत की दोपहरी,
वो ठहरना चाहे कुछ पल 
जबकि दूजा बीते ये घडी। 
जीवन 
दोनों के पास है ,
एक ही पेड़ के 
खिले फूल और काँटों की तरह। । 
एक ही नाम के 
कितने मायने  है ,
बदरंग से रंगीन 
अलग-अलग आयने है, 
लेकिन जीवन अजीब है 
बस गुजरती है जैसे घड़ी की  टिक-टिक। 
उसका किसी से 
न कोई मोह न माया है ,
वो तो गतिमान है उसी राहों पर 
जिसने उसे जैसा मन में सजाया है। । 

Sunday 26 January 2014

गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ

हर वर्ष जब दिन ये आता करते सब ये प्रण,
बदलेंगे हम देश का भाग्य देकर तन-मन-धन। ।
किन्तु इसके बाद फिर बिसरा देते सब  भाव,
तब तो  वर्षो बाद भी नहीं बहुत बदलाव। ।
चिंगारी साम्प्रदायिकता की जो सैतालिस में भड़की
आज तलक है बुझी कहाँ रह-रह कर है धधकी। ।
जात-पात के नाम पे करते बड़ी-बड़ी जाप
किन्तु फिर भी जाने क्यों नहीं मिटा ये श्राप। ।
गरीबी का हो उन्मूलन गाते सब ये गान
पर भूखो न जाने कितने त्याग दिये है प्राण। ।
इतने वर्षों बाद भी ऐसे है हालात 
हो कोई भी, गण हम, चिंता की ये बात।।
चढ़ शूली जो सपना देखे आजादी के परवाने 
बदले हम तस्वीरे जिससे व्यर्थ न जाए बलिदाने। । 
बीति ताहि बिसार के अब आगे कि सोंचे 
विश्व गुरु हो पुनःप्रतिष्ठापित आओ कर्मों से इसे सींचे। । 

------------सभी को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ  --------------- 

Wednesday 22 January 2014

क्षुधा


धड़कने धड़कती है
पर कोई शोर नहीं होता
रेंगते से जमीं पर
जैसे पाँव के नीचे  से
जीवन  निकल रहा ।
यहाँ ये किसका वास है। ।  
खुद से ही 
रोज का संघर्ष
देखते है जिंदगी जीतती है
या हार जाये भी तो 
जीत का है भान करता ।
ये किसका ऐसा अहसास है। ।  
प्रारब्ध का बोध देती 
तृष्कृत रेखा से पार 
समतल धरा के ऊपर 
अदृश्य कितनी गहरी ये खाई ।  
किसके परिश्रम का ये  सार है  । ।
अनवरत ये चल रहा 
बंटा हुआ  ह्रदय कपाट 
शुष्कता से अब तक सोखता 
जाने कैसे है पनपा ये  अतृप्त विचार।  
कैसे बुझेगी क्षुधा किसका ये भार है। ।