Tuesday 27 September 2016

प्रवाह...


बादलो का कोई कोना छिटककर 
जैसे फ़ैल गया मेरे चारो ओर , 
और मैं घिर गया 
किसी  अँधेरी गुफा में। 
साँसों का उच्छ्वास टकराकर 
उस बादलो से ,
गूंजती थी नसों के दीवारों में 
न सुंझाता कुछ, 
फिर फैलते रक्त की लालिमा 
जाने कैसे उस कालिखो पर भी 
घिर कर उभर आया ।  
बीते आदिम मानव के कल का चित्रण 
या उन्नतशील होने का द्वन्द ,
संहार के नित नए मानक 
गर्वोक्ति संग उद्घोषणा , 
बैठे कर विचार करते सब आपस में 
कैसे हम रक्त पिपासु बने।  
कहीं इतिहास तो नहीं दोहरा रहा 
अब आदिम मानव रूप बदल ,
अपने गुणों का बखान कर रहे। 
अनवरत सदियो के फासले 
नाप कर भी 
उद्भव का संक्रमण 
शायद हमारे रुधिर में 
उसी प्रवाह के साथ विदयमान है। 
झटक कर मस्तिष्क झकझोड़ा 
छिटकते धुंध से बाहर आया 
या उन रौशनी में 
जहाँ शायद कुछ दीखता नहीं। 
पता नहीं क्या ?

Friday 23 September 2016

पछतावा

                 
                    मनसुख के गांव में आज गर्वयुक्त उदासी बिखरी हुई है।  एक शहीद की अंत्येष्ठि में शामिल होना है।  बड़े -बड़े कदम भरते सभी उसी ओर चल पड़े जिधर हजारो कदम बहके बहके से चले जा रहे है। बहुत दिनों बाद ऐसा लग रहा है, देश और देशभक्ति की अनोखी बयार हवा में घुल गई है। सभी मन ही मन गौरवान्वित महसूस कर रहे है। हर कोई उस शहादत में अपना भी हिस्सा देख रहा है। तिरंगे में लिपटा शव पर फूल मर्यादित रूप से अपने आप को सहेज कर रखा हुआ है। इस मौके पर कोई भी पंखुरी अपने आपको उस तिरंगे से अंतिम विदाई देने के पूर्व विच्छेदन नहीं चाह रहा है। पीछे-पीछे सेना की टोली अनुशासित रूप से, कदम-से-कदम मिलाकर अपने साथी का साथ, महाप्रस्थान से पूर्व अंतिम कदम तक हौसला बनाये चल रहा है। क्या बूढा क्या जवान हर कोई इस पल को जीना चाह रहा है। आखिर देश के लिए उत्सर्ग कोई अपने आपको कर दिया है। नीले आसमान में चमक रहे सूरज भी लगा जैसे इन पलो में गमगीन हो अपने आपको बादलो में ढक लिया और दोनों हाथो से वृष्टि पुष्प उसके कदमो में बरसाने लगा। सारा गांव उस समय थम सा गया। पर्दे के लिहाज भूल महिलायें भी उस वीर जवान को एक झलक देख  अपने पलकों में बसा लेने हेतु उत्सुकता से अपने चहारदीवारी के किसी खाली झरोखे को ढूढने में प्रयत्नशील लग रही। सरकार के बड़े अधिकारी भी अपने इस मौके पर अपनी उपस्थिति सुनिश्चित कर रखे है। मनसुख भी उस भीड़ का हिस्सा है ,लखन चाचा भी साथ ही साथ चल रहे थे। 
                       मनसुख भी  पीछे-पीछे चला जा रहा है।  किन्तु दृश्य उसके सामने पांच साल पहले का चलचित्र की भांति घूमने लगा। जब  लखन चाचा का बेटा अपने एक और साथी के साथ  बहुत खुश होकर आया और कहा की -बाबूजी हमारा फ़ौज में सलेक्शन हो गया और पत्र सामने रख दिया।मनसुख भी वही बैठा था।  तीनो हम उम्र मित्र थे। साथ साथ दोनों के चयन से बहुत खुश। किन्तु एक ही बेटा और फ़ौज की नौकरी अपने हाथो मरने मरने भेज दे। अंतरात्मा काँप गई थी। कहा- बेटा अपने पास काफी जमीन है खेती कर फ़ौज-वॉज में कुछ नहीं रखा है। मनसुख ने भी लखन चाचा से तरफदारी की किन्तु वो टस से मस  नहीं हुए।देश के प्रति मनसुख का लगाव कुछ कम हो ऐसा नहीं था ,किन्तु फ़ौज के लिए जो हौसला चाहिए वो नहीं था।  वो खेती कर खुश था और उसका दोस्त फ़ौज में ख़ुशी देख रहा था। कई बार मनाने पर भी नहीं माने। अंततः  मन  मसोसकर उसका दोस्त अपने बाबूजी की बात मान गया।  खेती को उन्नत विधि से करने के लिए लोन लिया। और सुखार ने सारे के सारे अरमान पर पानी फेर दिया। एक सुबह बेटे का शव घर के पीछे बगान में पेड़ से लटका पाया।सब कुछ ख़ामोशी से निपट गया। मनसुख उस वक्त भी  साथ था और अपने को गैर होते और दुःख पर कुटिलता के वाण अलग से चले ।
              आज लखन चाचा के बेटे के  मित्र की विदाई है।अचानक तेज बिगुल की धुन सुनाई दी। मनसुख जैसे लगा नींद से जगा। अचानक तेज उठती लपटे लगा जैसे आसमान को भी अपने में समेटने को उधृत हो रहा हो। आसमान से रिमझीम फूलो का अर्पण चिता को सम्मानित कर रहा था। बगल में ही खड़े लखन काका को मनसुख ने देखा। नजरो में भुत गतिमान लग रहा था। आँखों के किनारे आंसू की बुँदे ढलकने को तत्पर लगा। मनसुख नहीं समझ पाया ये इस शहादत का दुःख या बीते कल का पछतावा।

( यह कहानी मेरा दूसरा ब्लॉग "मनसुख का संसार " से है )

Sunday 18 September 2016

जो शहीद हुए है ....

    
                    सच है की कोई इसलिए शहादत नहीं देता की हम पत्थर की दीवार बन जाए।  ये शहादत तो इसलिए है की पत्थर नहीं तो उसके प्रतीक जो हम बनते ही जा रहे है उस जड़ मानसिकता को झकझोर सके ।संवेदना की चिंगारी को प्रज्वलित करने के लिए हर बार सैनिको को आखिर रक्त की आहुति क्यों देना पड़ता है।जब तक इसप्रकार की कोई घटना नहीं होती हम यंत्रवत सा बस चलते रहते है।किन्तु प्रतिकार या खुद को सुरक्षित रखने की भाव जब गाहे बगाहे इन घटनाओ के बाद हम प्रयास करते ,स्वयम्भू बुद्धिजीवी एक नए व्याख्यान के साथ खड़े हो जाते है।
                      कलात्मक एवं काव्यात्मक लेखनी से मन तो मोहा जा सकता है,लेकिन सच के आवरण पर पूरी तरह झूठ का पर्दा पड़ा रहे ये बहुत समय तक संभव नहीं रहता। ऐसा लगता है महान  विचारक बन उभरने का भाव तो कही नहीं इस तरह सोचने को मजबूर करता है और आत्मकुंठित हो लगता है की समग्र रूप में देख रहे है। लेकिन  संभवतः लिक से हटने की चाहत से विचार सुदृढ़ नहीं हो सकते बल्कि  उस महान विचार की पुष्टि भी आम जान मानस की सहमति आवश्यक कारक होता है। अपनी उपस्थिति इस भीड़ में दिखाने के लिए ये आवश्यक है कि प्रचलित अवधारणाओं से हटकर ही चले। व्याख्यानों में लंबे और छरहरे वाक्यो से नापाक मनसूबे से प्रेरित तत्व प्रभावित नहीं होते ,किन्तु गोली की एक आवाज कई को थर्रा देती है। तभी तो हम इस  दिग्भ्र्मितता की स्थिति से बाहर नहीं निकल पा रहे है की आखिर हमें करना क्या चाहिए।दुश्मन अपने इरादे में सफल होता जा रहा और बहुतों  अभी तक अपने स्वस्वार्थ प्रेरित क्षद्म मानसिकता से बाहर नहीं निकल पा रहे है। बेसक उदार विचारो के उदार लोग अगर कुछ ठोस कहने और करने की स्थिति में न भी हो तो किसी खास परिस्थिति को खास रूप में आकलन करने की कोशिस का ही प्रयास रहे तो बेहतर होगा। सामान्य रूप में देखने का प्रयास अंततः नुकसान देह हो सकता है। जिसका विकृत परिणाम सभी के ऊपर बराबर ही होगा। चाहे को  किसी भी विचारधारा से प्रेरित हो। 
                   संभवतः कुछ लोग इस तरह के घटना से व्यथित नहीं होते इसलिए उनमे विचलन न होना अस्वभाविक नहीं है किन्तु ऐसी शहादत पर कुछ व्यथित तो होते ही है इसलिए विचलन स्वभाविक है। इस विचलन को शब्दो को चासनी में उड़ेलकर वाक्यों की लंबी शृंखला से कम नहीं किया जा सकता। हर घटना को अंदर की बातो से तौलना और सामान्य रूप में लेने प्रयास काफी घातक हो सकता है। जब भी आप इस वाकये से एकाकार हो तो सैनिको की बलिदान को बलिदान के ही रूप में देखे।वास्तव में ये बहादुर जवान हमें पत्थर की दीवार से बाहर निकल संजीदा होकर सोचने हेतु ही बलिदान दिए की अगर खोखली विचारधारा से बाहर निकल संजीदा होकर हम न सोचे तो कल शायद इतना बहस करने का समय हमारे पास न हो।
                        राष्ट्रवाद से सम्बंधित अवधारणाओं की फेहरिस्त बहुत  लंबी है। किन्तु हम जिस समाज और काल को जीते है उसी की प्रचलित अवधारणों के अनुसार ही आचरण की अपेक्षा करते है।बीते कल की विवेचना और भविष्य की रुपरेखा पर कल्पित रंगों का आवरण आज में बदरंग हुए दीवारों की तस्वीर नहीं बदलेगा। सैनिक राष्ट्र के नाम पर सदियो से बलिदान होते आये है और आगे भी होते रहेंगे। इस बलिदान पर आँखे नम बेसक न हो किन्तु बलिदानो के विभिन्न निहितार्थ अगर निकालने में हम व्यस्त रहेंगे तो यह नापाक मनसूबे के खिलाड़ियो की बहुत बड़ी विजय होगी चाहे वो देश के अंदर हो अथवा शत्रु देश हो। बुराई से ग्रस्त मानव मन कई कमजोरी धोतक हो सकता है किन्तु देश और देशभक्ति के मामले में भी संजीदा होता है इसकी कई कहानी प्रचलित है। भाषा तो विचार के आदान-प्रदान का माध्यम भर है और जरुरी है की जब आप किसी से संवाद करना चाहते है तो उसे आपकी भाषा का ज्ञान अवश्य होना चाहिए। अथवा जिस भाषा में अगला संवाद कर रहा हो उस भाषा की जानकारी आपको होना चाहिए। बेसक भावुकता  हमें समग्र मानववाद , युद्ध और विनाश जाने कितने विषय हमारे जेहन में तरंगे बन झिकझोड़ने लगता है और हम इसी बात पर भावुक हो इंसान और इंसानियत की दुहाई देते हुए अपने को कमजोर साबित करने में उलझ बैठते है। ये सत्य है की युद्ध हमेशा बेनतीजा रहा हो किन्तु ये भी उतना ही सत्य है की युद्ध का भय शत्रु को वार्ता के मेज तक खीच के लाते है। कम से कम कायरता तो हमारे शब्दो में नहीं दिखनी चाहिए, हथियार के जवाव में हमेशा हथियार ही चला है। ताकतवर हथियार ही घुटने टेकने को मजबूर करता है। इस बात को कौन कैसे परिभाषित करेगा की यहाँ कौन नौटंकी कर रहा है। वो जो मीडिया में बैठ कर इस तरह के हमलो का जबाब देने को तैयार है या वो जो शब्दो की बाजीगरी करते हुए इस हरकत को सामान्य ठहराने का प्रयास कर रहा है। दोनों में से कोई भी सरहद पर इन स्थितियों में अपने को नहीं पायेगा सामने तो बस सैनिको की छाती ही होगा। किन्तु उस करवाई को भरोसा हम जैसे के विचार ही मजबूती प्रदान करेंगे। बेशक भावनाओ की बेईमानी नहीं होने दे अपने विचार को स्थापित करने के लिए कही ऐसे-ऐसे तर्क अथवा कुतर्क गढ़ बैठे की विभिन्न अनगिनत पाटो में पहले से बटें इन जनसमूहों पर देश का आवरण जो चढ़ा हुआ है उसके तंतुओ को कमजोर करने के आप आरोपी हो। बलिदान होने वाले सैनिक आखिर हमारे भाई है ,ये फिर अपने आपको न दोहराये इसको तो हमें ही अंतिम स्तर पर जाकर सोचना होगा।एक ऐसे कुचक्र का शिकार हो जान गवाते सैनिक और हम समझने में भी अक्षम हो की इसे युद्ध या क्या समझे, वास्तव में उस राष्ट्र के नागरिकों के ढुलमुल विचार सरकारी नीति के रूप में परिलक्षित होता है ।  विचारों के ऊपर जमे पुराने धुंध को हटाने का समय है और बदलाव स्वभाविक प्रक्रिया है।
                     सभी शहीद को शत -शत नमन। 

Sunday 11 September 2016

कराहता आज ......

मायने बदलते रहते है पल-पल
शायद कल के होने का 
आज में कोई मायने नहीं रहता,
किन्तु फिर भी ,
इतिहास के पन्ने के संकीर्ण झरोखे से
आने वाले कल के होने के मायने में 
व्यस्त हम सब
बस कुचलता जाता है आज।। 
बेचारा जीर्ण-शीर्ण,
बेवश लाचार आज,
कल को सींचने में 
पल-पल बस मुर्झाता जाता है।। 

कल के दबे कुचले
घिनौने से अतीत जिसकी दुर्गन्ध
आज की कारखानों में बनी सभ्यता के इत्र 
दूर नहीं कर पाते,
किन्तु ऊपर निचे ढलानों
बराबरी और गैर बराबरी के तराजू पर तौलते
विरासत के बोझ से दबे बीते कल 
निकलने को आज में आतुर
किन्तु आने वाले कल के मायने में 
आज फिर कुचल दिए जाते।। 

बीते कल पर शोध और सत्यरार्थ कि तलाश 
अँधेरी गर्त पर परी गहन धूलो को 
बार-बार झारने की चाहत ,
किन्तु पल-पल आज पर 
परत -दर -परत जमा होते धूलो को 
हटाने की बैचैनी का 
कहीं कोई निशा दीखता ?
बस सुनाई देती है शोर 
हर एक नुक्कड़ खाने पर 
कल को बदल देने के वादे का ,
और कल को तराशने हेतु 
हर पल चलता रहता है हथौड़ा आज पर 
आज बस  कराहता और कराहता है।  
किन्तु अमृत पान हेतु 
गरल - मंथन कि कथा से 
हमसब  प्रेरित लगते है,
शायद आज में कुछ न रखा है।। 

Wednesday 31 August 2016

दिल्ली और बारिश

                       
                                 क्या आप दिल्ली में रहते है ? हम तो खैर नहीं है फिलहाल वहा। तो फिर आपको दिल्ली की बारिश रुलाई या आपने रास्तो पर पटे पानी के सैलाब को स्विमिंग रोड समझ उसको पार करते  समय इंग्लिश चैनल पर विजय की खुशफहमी का अहसास किया, अगर नहीं है तो उसे कोसने की जगह नगरपालिका का शुक्रिया अदा करे और इसका आनंद ले । इन रोड पर बहते धार को देखकर भावुक होने से बचे। लगता है अपने लोगो में भावुकता की कमी हो गई है तभी तो मीडिया हमें भावुक होने के बहाने देता और खुद भी भावुक हो जाता है। पहले पत्रकारिता में भावुकता कम तथष्टता ज्यादा होता था किन्तु समय कि मांग ने लगता है कुछ प्रभाव बदल दिया है ।असहिष्णुता का राग अलापते-अलापते ये खुद कही असहिष्णु तो नहीं हुए जा रहे है। ये तो हमारे सांस्कृतिक उद्घोषणा है की हम आलोचना को अपने उत्कर्ष के लिए प्रयत्नशील औजार समझते है। तभी तो कबीर ने कहा -"निंदक नियरे    राखिये " और हम है की सबके सब पीछे ही पर गए। 
                              अब ऐसा भी क्या कह दिया।  बहुत छोटा सो सवाल तो पूछा ,आखिर जब दिल्ली के रोड पानी से तृप्त हो तो भला ये जानने में कोई गुनाह तो नहीं है की आखिर पहुचने के लिए और कौन से साधन लिए गए,रोड पर कार और नाव एक साथ हो इससे सुन्दर दृश्य और क्या होगा? उन्होंने तो अगर देखा जाय तो भरतीय छात्रों के अंदर किसी भी कार्य को पूरा करने की जिजीविषा को सलाम किया। और हम है की उनकी आलोचना समझ बैठे है। लगे हाथ हमने अपने सरकारों को भी कोसना शुरु कर दिया। लेकिन हम भूल रहे है की हमारे यहाँ हर साल रूप बदल-बदल कर ये सैलाब कही न कही आता ही रहता है। कही के सड़क जाम हो जाते तो कही के कही पूरा क्षेत्र ही कट जाता। इन सबसे नीति-नियंता वाकिफ है। अब अगर वो दिल्ली को दुरुस्त कर दे फिर हम दिल्ली के बाहर वाले ही कहना शुरू कर देंगे कि हमारे साथ भेद-भाव किया जा रहा है। आखिर ऐसी परिस्थिति के दिल्ली में उत्तपन्न होने के बाद ही बाकियों का दुख-दर्द समझा जा सकता है। नहीं तो उड़न  खटोला पर बैठ का इन स्थितियों का जायजा लेने जाना पड़ता है। इससे सरकारी खजाना पर बोझ पड़ता वो अलग। दिल्ली का ये सब नजारा सरकारी धन का दुरूपयोग रोकने में मददगार है हम ऐसा क्यों नहीं सोच सकते। ताज्जुब है। हमें भी ख़ुशी होती है जब सबको एक प्रकार से देखा जाता है। और रही दिल्ली की सुंदरता की बात तो यह सिर्फ राजधानी है और हम है कि दिल्ली को "राजरानी" समझने लगे है। दिल्ली सभी को मोहती है स्वभाविक रूप से विश्व के अन्य गणमान्य भी दिल्ली के इस सुदरतम नज़ारे का आनंद लेने आ सकते है। पर्यटन विभाग को इसके लिए तैयार रहना चाहिए। 
                      ऐसे मीडिया भी तो दिल्ली में बारिश न हो तब समाचार और बारिश हो जाए तो समाचार। वो तो नगरपालिका से लेकर मंत्री तक खुश होंगे की अपना मीडिया देश की आलोचना सुनना नहीं पसंद नहीं करता , नहीं तो जवाव देते या न देते कैमरा तो पीछे-पीछे तो आता ही। हम है की विश्व की महाशक्ति को अपनी तकलीफ सुना-सुना कर करार पर करार करने में लगे है ऐतिहासिक दस्तावेज की किताब मोटी होती जा रही है। अब जब अगर आप ऐसा समझते है की यह आलोचना है तो हमें तो खुश होना चाहिए की दिल्ली की इस समस्या को विश्व के महाशक्ति ने अगर खुद संबोधित किया है तो इस पर भी एक करार कर ही लेगा ताकि दिल्ली को इससे निजात मिल सके। इस पक्ष को देखने में क्या बुराई है।  बाकी जो इन सैलाब में घिरे है वो चैनलो पर ये दिल्ली जैसे निम्न कोटि का सैलाब कितना देखे। 

Saturday 27 August 2016

दाना मांझी के बहाने



हम संवेदनशील होने का दम्भ भरते ,
पर जाने वो कब का दम तोड़ चूका है।
कभी -कभी हम दाना मांझी के बहाने
हर ओर से चीत्कार कर,
उस संवेदनशीलता की छाती पर चढ़ बैढ़ते।
इस आशा में की कही ,
इन शब्दो का प्रहार जो कुछ दिन तक मुँह बाएँ,
टीवी की ड्राइंग रूम से ,नुक्कड़ खाने तक
कुत्ते की रोती कर्कश आवाजो में भौकेगा।
शायद संवेदनशीलता जाग जाए।।
किन्तु वो तो कब का जा चूका ,
जब से दुनिया बाजार
और इंसान सिर्फ खरीदार बन के रह गया,
ये ना किसी मांझी की चिंता है
न किसी के दाना की ,
बस सरोकार इस संवेदन के बहाने
बाजारों का सांस चलते रहने की ,
बेसक उसकी कीमत
इंसानी सांस ही क्यों न हो ,
इंसान तो जाने के लिए ही आया है
बाजार का जिन्दा रहना ज्यादा जरुरी है
क्योंकि जब तक हम है
हमें बाजार की जरुरत के बारे में
घुटी में मिलाकर बताया गया है।
ऐसे कितने जिन्दा और मुर्दा लाश 
हम सबके कंधे पर रोज ही घूमता है। 
और हम सब इस इसे न देख 
बस ढूंढते की अगला मांझी
कब इस गठरी को अपने कंधे पर ले निकले 
और फिर हम संवेदना को तलाशे । ।

Wednesday 17 August 2016

जरा हट के...

                              मैं वाकई चिंतित हूँ ,मानव को लेकर। मैं ही क्यों मुझे लगता है लगभग हर कोई चिंतित रहता है इस मानव को लेकर। खासकर बुद्धिजीवी वर्ग। चिंता के लिए बुद्धि बहुत ही आवश्यक पक्ष है। अभी तक तो पढ़ते आये थे की "चिंता से चतुराई घटे " किन्तु अब लगता है की चतुराई के साथ चिंता आवश्यक है नहीं तो पता नहीं कौन सी जमात में समझे जाएंगे। मैं उलझन में भी हूँ और असमंजस में भी। आखिर ये कुदरत की कौन सी रचना है जिसके रंगों-रोगन का कार्य आज तक बदसूरत जारी है। धरती पर जीवन के उद्भव से लेकर सिर्फ इंसान ही एक ऐसा जीव है जिसका विकास के क्रम अनवरत जारी है। बाकी सब के सब जीव बनाने वाले के काफी कृपापात्र निकले ,जिस रूप में थे आज तक उसी रूप में चल रहे है। आखिर उनके लिए भी कुछ करने को रहने दिया जाता।  मुझे पता नहीं क्यों ऐसा है जिसे ऊपर वाले की सबसे खूबसूरत रचना हम मानते ,ये कभी -कभी सबसे निकृष्ट प्रतीत होता है। आखिर ऐसा क्यों है बाकि किसी भी जीव के मूल स्वाभाव में कोई परिवर्तन नहीं है और एक इंसान है जिसकी प्रवृति बदलता ही जा रहा है। हम सृष्टि के प्रादुर्भाव से संभवतः बदलते ही जा रहे है।  क्या हमारे साथ बनाने वाले ने नाइंसाफी की कि हमें अधूरा बनाकर छोड़ दिया या और कह दिया बाकी बचा हुआ काम हम खुद ही देख ले और हम अनवरत लगे हुए है। नहीं तो इंसान के इस धरती पर कदम रखने के साथ ही आखिर किस खोज में हम बेतहासा लगे हुए है ?
                           मुझे लगता है की इस धरती पर कोई ऐसा काल नहीं रहा है जब आज के जो समस्याए मुंह बाए खड़ी  है वो नहीं रहा हो।बेसक समय समय पर उसके रूप बदलते रहे हो।  अर्थात समस्याएं हमें प्रारब्ध से मिली हुई है और ये अनवरत रहने की ही सम्भावना है। उसके अनुपात में समय समय पर बेसक फेरबदल चलता रहेगा। तो क्या इंसान इंसान ही रहेगा या और कुछ बन जाएगा।क्या आश्चर्य नहीं है कि सबसे बुद्धिमान जीव खुद को मानने वाला इंसान ,आजतक खुद से ही संघर्षरत है ? पूरी मानव समिष्टि क्या दुख की क्षीर सागर पार करने में कभी कायम होंगे या ये रूप बदल बदल कर हमें उसपर विजय पाते रहने की आत्मप्रवंचना का अवसर ही मिलता रहेगा? कही न कही मुलभुत रचना में ही कोई मूल गलतियां बनाने वाले ने जानबूझकर तो नहीं छोड़ दिया। और हम है की उसकी गलतियों को सुधारने का भ्रम पाले बैठे है और वो बैठा बैठा मुस्कुरा रहा हो। 
                            क्या ये जरा हट के भी सोचने और चिंता करने की कोई गुंजाइस है या कही मैं भी तो नहीं सोचने का भ्रम पाल रखा हूँ।     

Sunday 7 August 2016

रस्मी बादल


फिर लौट आया है       
वो कारवां बदलो का,
जो रुखसत हो जाता है जाने कैसे
बिन बरसे ही इन राहों से।
नजर टिकती है हर वर्ष कि भांति
कि अबकी शायद  बरस जाये
 धो दे कहल सब अंतस के।
बहुत गरजते है सब इस मौसम में
लहलहाने को मचलता मन
सींच देगा ये अबकी बार धरा ऐसे
उर्वरकता बस लहलहा उठेगी।
शोर है , कोलाहल भी छाई है
ये मास ही है कुछ ऐसा
बोने को बीज आतुर सब
सुगबुगाहट देशभक्ति चीत्कार सी  लगती ।
बरसेंगे मन सबके, सावन के फुहारों से
कुछ कर गुजरने कि
बयार मन को लहलहा देगा।
हर बार ये ऋत कुछ ऐसा ही लगता है ,
रस्मी बादल जो न शायद बरसता है।
मिट्टी में दरारें नमीं पर प्रश्न करते
अगर बरसते बादल तो ये कैसे इतना दरकते।।
फिर लौट आया है
वो कारवां बदलो का
जो रुखसत हो जाता है जाने कैसे
बिन बरसे ही इन राहों से।      

Wednesday 28 October 2015

इच्छाएं ...

आसमान की गहराई अनंत
जैसे हमारी इच्छाएं  ,
गहराते बादल बस उसे ढकने का
चिरंतन से करता विफल प्रयास
दर्शन मोह से विच्छेदित कर
आवरण चढ़ाने को तत्पर  ,
एक झोंका फिर से
उस गहराई को अनावृत कर देता।
और फिर से अनगिनत
टिमटिमाते तारे की तरह
प्रस्फुटित हो आते
कुछ नई लतिकाओं की चाह ,
जब  धीर गंभीर सागर भी
मचल जाते है चन्द्र से बसीभूत हो
तो हम तो मानव है।
सम्मोहन के लहरों 
पर सवार हो उसे पाने की प्रवृति
ही तो  प्रकृति प्रदत है ,
उत्तकंठ लालसा छदम दर्शन से त्याग 
कर्म सापेक्ष न हो 
कही अकर्यमन्यता का पर्याय तो नहीं। । 

Monday 26 October 2015

......दरार ...

दरारें दिखती है    
दरकती और दहकती सी 
सब कुछ खामोश है ,
बस जैसे ऊपर वाष्प आच्छादित हो 
और नीचे पानी में उबाल है। 
मौन अंदर ही अंदर चीखता है 
काश कोई दिल की आवाज सुने 
किस कदर प्यासे है 
जैसे की धरती अब बंजर हो चली हो। 
आक्रोश और नफरत 
भरे बाजार बिक रहे है 
प्रेम के सौदाई ने नए मुकाम गढ़े 
और नफरत को प्रेम से दिल में बसाया है। 
हकीकत है कि चिंता के लिए 
सभी चिंतित होते है 
रहनुमाओ की फ़ौज तलाश रही है 
इन चिन्ताओ को अपने रहनुमा के लिये। 
अपने ढर्रे पे  तो जिंदगी  लौट ही आती है
कभी रुकी तो नहीं 
बस कुछ के सितारे विलीन हो जाते 
और कितनो के सितारे इसमें चमक जाते है।

Friday 25 September 2015

अक्षर ,शब्द और हमारे मायने....

शब्द जैसे मात्र अक्षरो का समूह
अपने अर्थ की तलाश में ,
एक दूसरे से टकराते और लिपटते।
वाक्य बस शब्दों का मेल,
आगे और पीछे खोजते अपने लिए
इक उपयुक्त स्थान ,
अपने होने का निहतार्थ और पुर्णता के लिए।
किन्तु एक मात्रा ,अक्षर ,शब्द या वाक्य
सब तो अपने आप मे परिपूर्ण है,
और फिर भी बदल जाते भाव संग सार भी ,
जब समुच्चय में उपयुक्त न स्थान है।
ये तो बस कठपुतली मात्र  है,
किसी सोच और संकल्पना की
जो उभारते है बनके मात्र साधन,
किन्तु खुद झेलते है दंश 
अनर्थ के अपमान का,
त्रिस्कृत  और धिक्कार शब्दों सा । 
पूर्णता भी स्थान और संग में
अपना चेहरा बदलता  है,
अक्षर और शब्दों का विन्यास
शायद ऐसा ही कुछ कहता है।
हमारे अर्थ भी किसी के साथ होने 
या न होने के मायने तय करते है। 
एक उपयुक्त स्थान,
मानक न कोई आगे या पीछे का 
निहित जीवन ध्येय तब ही पूर्ण होते है ।

Saturday 19 September 2015

बस सच सामने आना चाहिए.....


                   हमें खेलने की आदत है।  पता नहीं कब से सब खेलते आये है।  धर्म  से,जाति  से, क्षेत्र से, जज्बातों और न जाने कितने नए -नए खेल सामने आते रहते है और ये कहानी रोज यूँ  ही चलती जाती है।  कुछ करने के हजार बहाने है और न करने के हजार फलसफे। अब हम जैसे तो दर्शक बन बस अपनी क्षुद्र बुद्धि के अनुसार उसपर बस तालिया ही बजाते निकल जाते। इस आशा में की इस बार शायद हमारे लिए कुछ खास होगा। किन्तु क्रमिक चक्रिक परिवर्तन हमें वही लेकर खड़ा कर देता है,जहाँ से कुछ नया का भान कर हम प्रस्थान करते है ।  कुछ नया होने  का उत्साह आखिर हम किन बिन्दुओ का विश्लेषण कर के करते ये तो बस विश्लेषण का ही विषय है। लेकिन इसी बहाने कुछ नया हो जाय तो क्या छिद्रान्वेषी की भूमिका निभाए या सराहना करे  दिमाग यहाँ किंकर्त्यवबिमूढ़ हो जाता है। 
                   जिस राज को राज रखने के प्रयास कब से जारी था। उसे अब पर्दा के अंदर बेपर्द किया गया है।  आने  वाले कल में ये कितने का राज खोलेंगे ,देश और समाज के उच्चतम मानदंडो को ढ़ोते हुए कदमो को ये राज पिटारे से निकल कर कही लकवा न मार दे।  वैशाखी के सहारे इतिहास के विरासत को ढोते-ढोते थक चुके इन कदमो पर इसका प्रभाव पड़ा तो आने वाली कितनी पीढ़ी इससे प्रभावित होगी कहना मुश्किल है। खैर कुछ नया करने के लिए बिलकुल ५६ '' का चौड़ा सीना हो ये भी नहीं जरुरी है। किन्तु इन कदमो से बहुत सी छातियो में धड़कने सांय -सांय कर धड़कना शुरू कर दिया होगा इससे इंकार नहीं किया जा सकता है। क्योंकि सब-कुछ करने के पहले शतरंज के विसात के आदि अगली चाल से पहले कौन इतिहास के झरोखे से झांकेगा ये तो अब आने वाला कल ही बताएगा। 
                      परन्तु हमें तो बस आम जान की तरह अपने नायक के विषय में जो हकीकत है उतने से ही मतलब है। स्वभाबिक तौर पर अगर राष्ट्रनायक के विषय में कुछ दशको में गुजरे अतीत एक सच के रूप में सामने न आकर किस्से-कहानियों के रूप में वर्णन हो तो उस देश की प्राचीनतम इतिहास तो हमेशा  संदेह के घेरे में रहेगा। अतः जो भी हो बस सच सामने आना चाहिए। 

Friday 18 September 2015

अनगढ़े पात्र

चौतरफा शोर और कोलाहल 
भीड़ भरे राहे,
रौंदते कदम व  सरपट  चक्के
अनजान से मंजिल तक,
अनगिनत ये मूक दर्शक
कतार बंद बैठे  
जाने किस इन्तजार में। 
खामोश लब याचना भरे कातर दृष्टि
उसकी ख़ामोशी उस कोलाहल में भी 
जाने कितना कुछ कहती है,
शब्दों में कुछ पनपता नहीं 
पर निगाहे चीत्कार करती है। 
खनकती है टकराकर 
जब कटोरी की दुनिया से सिक्के  
अकुलाहट भरे लब 
सूखी टहनियाँ सी
फ़रफ़राती है।  
इस रंगमंच पे गढ़े है 
ये कैसे अनगढ़े पात्र भी 
इनको देख, गढ़ने वाले भी 
शिलाओं में मुँह छिपाते है।
इन्हे देख पुनर्जन्म पे 
हम यकीं शायद करते है ,
क्योकिं प्रारब्ध का गढ़ भाव 
सब बस आगे-ही-आगे 
बढ़ते जाते है।   

Tuesday 8 September 2015

नन्हा फरिस्ता

खामोशी चीखती है लहरों से  टकरा कर  
औंधे मुँह लेटा जैसे माँ के गोद  में 
न सुबकता न ही रोता कंकालो की बस्ती से दूर
लगता है गहरी नींद में सोता  ।

------------------------------------
जिंदगी खुद से शर्मसार है
मौत उसको मुँह चिढ़ाती
चिटक रही सूखे टहनियों सी
दम्भी सभ्यता के वट वृक्ष की  ।

------------------------------------
नन्हा फरिस्ता लहरो से खेलकर 
मुस्कुरा के चल दिया 
पाषाण ह्रदय शिलाओं को भी 
आंसुओ से तर गया। 

-------------------------------------
कितने नींद से जागे अब 
उसे सोता सोचकर  
कई राहें अब खुल गई नई 
उन बंद आँखों को देखकर। 
--------------------------------------

Saturday 5 September 2015

आप सभी को जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामना 


अब आडम्बर कोई नहीं,सब तेरा प्रभु इंतजार करे ,
कुछ शुक्ल नहीं दिखता बस चारो ओर अज्ञान भरे। 

कल्कि का कालिख उड़ रहा सब ओर तम  अँधेरा है,
भीग रहे कितने नयने यहाँ छाया अँधियारा गहरा  है। 

कर्तव्य का कोई मोल नहीं मोह ने सबको लीला है, 
गीता ज्ञान की बाते सिर्फ टकराती मंदिर शिला है। 

जो लाँघ चले मंदिरशाला तेरे विकृत गुणगान करे, 
चौसंठ कला नहीं कोई बस रसिया कह सम्मान करे। 
  
इस बार फिर तू आएगा हम मधुर धुन पर नाचेंगे,
कितने ही बिकल विलापो को बस कुछ पल ही  ढाकेंगे। 

अबकि आकर मुरली मनोहर कुछ ऐसा चक्र चला देना, 
शिश अलग अज्ञान का कर पुनः ज्ञान रवि फैला देना। 

Saturday 7 March 2015

अब हम चलते है ।

कही कुछ ठिठक गया
जैसे समय, नहीं मैं । 
नहीं कैसे हो सकता
जब समय गतिशील है
फिर कैसे ठिठक गया,
अंतर्विरोध किसका
काल  या मन का ?
मन तो समय से भी
ज्यादा गतिमान है
फिर कौन ठिठका
काया जड़ या चेतन मन ?
समय का तो कोई बंधन है ही नहीं
फिर ये विरोधाभास क्यों
मन को समझाने का
या खुद को बहलाने का?
पता नहीं क्या
बस अब हम चलते है । 

Thursday 14 August 2014

जश्ने-आजादी

भूल कर याद करना
और याद कर भूल जाना
बदलना दीवार की तस्वीर को 
या नई दीवार ही बनाना। 
कस्मे ,वादे और
सुनहरी भविष्य के सपने
यादो में धंसे शूल
और भविष्य के सुनहरे फूल। 
सब कुछ पूर्ववत सा
पहले ही जहन में उभर आता है
रस्मो अदायगी ही मान
सब जैसे गुजर जाता है। 
फिर नया क्या है
ये उमंगें कुछ-कुछ
जैसे  बनवाटी  तो नहीं। 
मर्म छूती  है कही क्या 
या महज दिखावटी तो नहीं। 
किससे ये छल 
या खुद से छलावा है। 
एक दिन की ये बदली तस्वीर 
किसके लिए ये  दिखावा है। 
यादों को जो रोज नहीं जीते 
इस दिन का इंतजार है
करने के इरादे का क्या 
जब लफ्फाजी का बाजार है। 
तालियां बजाकर कब तक 
गर्दिशों के दिन जाते है 
जूनून एक रोज का क्यों हो 
हर दिन जश्ने-आजादी मनाते है।  

Wednesday 9 July 2014

खाली मन .....?? ?

जब यहाँ कुछ भी नहीं था 
तब भी बहुत कुछ था 
कुछ होने और न होने की 
कयास ही बहुतो के लिए
बहुत कुछ था। 
फिर मै बैचैन क्यों होता हूँ 
की अब मेरे मन में क्या है ? 
नहीं कुछ उमड़ने घुमड़ने पर भी 
कही न कही अंतस के किसी कोने में 
कुछ बुलबुले छिटक उठते है 
और अपनी नियति में 
जाने कहाँ सिमट जाते है। 
इन बुलबुले से किसी 
धार बन जाने की चाहत में 
बस बुलबुले का बनना और 
मिट कर शून्य में विलीन हो जाना    
मन में एक क्षोभ जाने क्यों 
भर जाता है।  
अनायास कितने प्रकार के 
तरंग छिटक जाते है 
कुछ समेटु उससे पहले ही 
कितने विलीन हो  जाते है।  
किन्तु एक बुलबुले में खोना भी 
कितना कुछ कह जाता है। 
शून्य सा दिखता ,शून्य को समेटे 
शायद सब शून्य है,ऐसा कह जाता है। 
बाह्य प्रकाश के पाने से 
कैसी सतरंगी छटा छटकती है 
खाली मन को भी 
उम्मीदों के कई रंग भर जाती है। 
शून्य  मन क्या शांत और गंभीर है, 
या इस निर्वात को भरने की 
झंझावती तस्वीर है ,
जद्दोजहज जारी है 
मन में कुछ नहीं होना 
क्या बहुत कुछ का होना तो नहीं है ? 

Thursday 3 July 2014

छोटी सी ख़ुशी

                                     मैं  कभी-कभी सोचता हूँ की आखिर विकास के अवधारणा के साथ -साथ ,क्या  मन में उत्त्पन्न खुशी  के अवधारणा के साथ  कही कोई संबंध  है ? या क्या ऐसा तो नहीं की मन में उठने वाले खुशियों के तरंग  के आयाम के साथ विकास या कहे कि सुख -सुविधा के आयाम में पारस्परिक न होकर अंतर्विरोधी सम्बन्ध हो। विकास जब शारीरिक सुख सुविधाओ का अनन्य भोग देता है तब दिल के हिलोरों में ठहराव कैसे महसूस हो रहा है।क्या दोनों अलग इकाई है या एक होते भी अलग -अलग है?पता नहीं ऐसा क्या हो रहा है जिससे लगता है की परेशानी तो थी किन्तु मजा ज्यादा था। इस मजा का कोई ऐसा पैमाना नहीं मिल पा  रहा जिसपे उसे तोल सकूँ  या कोई गणितीय सम्बन्ध स्थापित कर सकूँ की पहले के असुविधा और दिल में उमंग और आज की सुविधा और घटते ख़ुशी की  तरंग को किस इकाई में विवेचन करूँ। क्या ऐसा कोई सिद्धांत है जिसपर इसका परखा जा सके?
                                   अभी-अभी कुछ दिन पहले अपने गाँव से लौटा हूँ। बदलाव बदसूरत जारी है। विकास के पटरी पर दौरता हमारा रेलवे स्टेशन प्रगति के पथ पर अग्रसर है।पटरियों ने छुद्र से अपने आपको विस्तारित रूप में परिवर्तित कर दिया है।पहले से कही ज्यादा ट्रेने अलग-अलग गंतव्य  के लिए उपलबध है। पर पता नहीं क्यों ऐसा महसूस होता है कि अब आसानी से उपलब्ध ट्रेने पहले के मुकाबले यात्रा के रोमांच को उसी अनुपात में कम कर रहा है। नहीं तो फिर  बचपन की कौतूहलता का उमंग उम्र के बढते बोझ से दब सा गया।कुछ तो ऐसा है की दोनों के बीच तारतम्य या सामंजस्य नहीं बैठ पा रहा है।  ऐसा तो नहीं अज्ञान के भाव में उमंग कि लहरे ज्यादा हिलोर मारती है और ज्ञान कि बहती धार में उमंग हिचकोले खाता हुआ डूबता प्रतीत होने लगता है। कुछ तो ऐसा ही है ,नहीं तो क्यों ऐसा हुआ कि आज जब पटरियों पर दौड़ती ट्रेन प्लेटफॉर्म कि ओर अग्रसर था तो मन यंत्रवत सा सिर्फ और सिर्फ उसके आने का इन्तजार कर रहा था। पहले वाली वो घंटियों के टन -टन जो कि ट्रेन के आने कि सुचना होने के साथ शुरू होती थी और उमग और कौतुहल काले -काले धुओं  और इंजन के पास आने की तीव्रता के अनुपात में बढ़ती थी वो नदारद था। ऐसा तो नहीं कि अभी भी कुछ ऐसा महसूस करने का प्रयास कर रहा हूँ जहाँ उम्र के इस पड़ाव पर महसूस करने की चाहत बचकानी लगे। या ट्रेने की तरह तेज भागती जिंदगी  इसमें खोने या महसूस करने का अब समय ही नहीं देती। इन छोटी सी ख़ुशी और उमंग दिल में नहीं कौंधने के कारण एक ही साथ कई सवाल दिल में कौंध गए।शायद बड़ी ख़ुशी के चाह में स्वाभाविक रूप से उठने वाले छोटी -छोटी  ख़ुशी कहीं न कहीं हर कदम पर स्वतः ही दम तोड़ देता और हमें पता भी नहीं चलता। या उमंग और ख़ुशी ने अपना रूप बदल लिया हो और मैं उसे समझ नहीं पा रहा हूँ। मन कि निश्छलता प्रकृति स्वरूप न रह कर अपनी प्रकृति समय के साथ जाने कैसे बदलती है? शायद यही कहीं इसकी प्रकृति तो नहीं ?       

Sunday 29 June 2014

आसमां से परे

आसमां से परे
एक आसमां की तलाश है, 
सुदूर उस पार क्षितिज के 
जहा धरती और गगन 
मिलने को बेकरार है।  
और जो अब तक मिल नहीं पाये 
बस और थोड़ा दूर 
न जाने अब तक कितने फासले नाप आये 
किन्तु फिर भी वही  दुरी, पास-पास है।  
और इसपर पनपते जीव ने 
उस धरती से  कांटे नहीं तो 
आसमां के शोलो को ही 
बस दिल में बसाया है। 
हैरत नहीं की उसने भी 
इन दोनों के प्यार को बस 
छद्म ही पाया है। 
प्रतीत होता है और है का अंतर 
सबने ज्ञान से अर्जित किया है, 
प्रेम की पहली परिभाषा ही 
अब यहाँ दूरियों में अर्पित किया है। 
जिसको किसी की चाह नहीं 
हर किसी ने दुसरो में वही देखा है। 
मैं  प्रेम का सागर हूँ 
बाकी में सिर्फ  नफरत की ही रेखा है। 
न देखे इस आसमां से बरसते शोलों को
या धरा पर चलते फिरते शूलों को,  
चलो इससे परे कोई आसमां ढूंढेंगे  
जहाँ धरती गगन एक दूसरे को चूमेंगे। ।